गोपालगंज में इंटर परीक्षा 2026 की शुरुआत:39 हजार परीक्षार्थी 35 केंद्रों पर दे रहे हैं परीक्षा, इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह प्रतिबंधित
गोपालगंज में इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की शुरुआत आज से हो गई। जिले के 35 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 39 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। डीएम पवन कुमार सिन्हा ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए साफ कर दिया है कि परीक्षा संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दो पालियों में परीक्षाएं, देर से आने वालों को प्रवेश नहीं बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटर परीक्षा 2 फरवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संचालित की जा रही है—पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले तक ही परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति रहेगी। पहली पाली के लिए सुबह 9:00 बजे तक और दूसरी पाली के लिए 1:30 बजे तक केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पहले दिन जीवविज्ञान, दर्शनशास्त्र और अर्थशास्त्र की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। सभी केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी और प्रवेश से पूर्व सघन जांच की गई। कदाचार पर सख्ती, इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह प्रतिबंधित परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित है। बिहार बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को जूता-मोजा पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, वे केवल चप्पल पहनकर केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं और लगातार वीडियोग्राफी की जा रही है। सभी वीक्षकों को यह प्रमाणित करना अनिवार्य किया गया है कि परीक्षा शुरू होने से पहले उन्होंने अपने प्रभार वाले कक्ष में सभी परीक्षार्थियों की जांच की है और किसी के पास कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, दंडाधिकारी सुबह 7 बजे से ड्यूटी पर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, गश्ती दल दंडाधिकारी, जोनल और सुपर जोनल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे तक अपने केंद्रों पर उपस्थित रहने का आदेश दिया गया है, ताकि परीक्षा प्रारंभ होने से पहले ही सुरक्षा और निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। परीक्षा केंद्रों के 500 गज क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू किसी भी प्रकार की भीड़, अवांछित गतिविधि या अनुचित साधनों के उपयोग को रोकने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में धारा-144 लागू कर दी गई है। 18 वर्ष से कम उम्र के परीक्षार्थी यदि कदाचार में लिप्त पाए जाते हैं तो उन्हें बाल सुधार गृह भेजे जाने का प्रावधान किया गया है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नकल या गड़बड़ी में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। दो अनुमंडलों में 35 परीक्षा केंद्र, 39 हजार परीक्षार्थी शामिल गोपालगंज में सदर और हथुआ अनुमंडल में कुल 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सदर अनुमंडल में 18 और हथुआ में 17 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रमुख परीक्षा केंद्रों में डीएवी हाई स्कूल गोपालगंज, माधव हाई स्कूल मांझागढ़, एसएआरडी ईवनिंग कॉलेज गोपालगंज, सीबीएसई पब्लिक स्कूल, यादोपुर हाई स्कूल, एसएस बालिका हाई स्कूल, बीएचएम इंटर कॉलेज, उर्दू कॉलेज तुरकंा और हाई स्कूल सेमरा शामिल हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0